मंत्री मदन दिलावर का जोधपुर दौरा:सर्किट हाउस में की जनसुनवाई,बोले-रामसेतु जल परियोजना का काम शुरू,2027 तक किसानों को दिन में भी मिलेगी बिजली

BHILWARA
Spread the love


राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर इन दिनों जोधपुर के दौरे पर हैं गुरुवार को उन्होंने जोधपुर के सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। उन्होंने यहां आने वाले फरियादियों से मिलकर उनकी परेशानियों को समझा और अधिकारियों को तुरंत समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ी, जो अपनी दिक्कतों को मंत्री के सामने रखने के लिए उत्सुक थे।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह कच्छवाहा, शिव कुमार सोनी और पवन आसोपा के नेतृत्व में मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। नेताओं ने फूलों की मालाओं और जोशीले नारों से उनका स्वागत किया।

सरकार के 2 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मदन दिलावर ने कहा कि रामसेतु जल परियोजना का काम शुरू हो गया। इसी प्रकार से हरियाणा से आवंटित यमुना जल का MOU हो गया है। जिसकी DPR बनाने का काम प्रगति पर है। प्रदेश में राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ के MOU हुए थे। जिनमें से 8 लाख करोड़ के MOU धरातल पर आ गए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में किसानों को रात में बिजली मिलती थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद किसानों को दिन में बिजली मिल रही है। कुछ जिले जो रह गए हैं वहां भी 2027 तक दिन में किसानों को बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी।

दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण योजना में अभी तक 20 करोड़ पौधे लग चुके हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में 32 लाख अपात्र लोगों को हटाया गया। जबकि 65 लाख नए लोगों को जोड़ा गया।

किसान सम्मान निधि 76 लाख लोगों को मिल रही है। प्रतिवर्ष 9 हजार रुपए प्रदेश के किसानों को दिए जा रहे हैं। लाडो प्रोत्साहन योजना में डेढ़ लाख रुपए दिए जा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में 2 लाख बच्चों को ITI में निशुल्क पढ़ाया जा रहा है। मातृ वंदन योजना में रुपए 6 हजार किए गए, वहीं दिव्यांग महिलाओं को दस हजार रुपए दिए जा रहे हैं।

प्रदेश में 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति दे चुकी है। जबकि करीब 2 हजार अनुकम्पा नियुक्तियां भी दी गई। तीन लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।