आसींद। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के निदेशक के निर्देशानुसार उपखंड क्षेत्र के पड़ासोली ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता रैली एवं प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवदर्शन सिंह खिंची द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करने के साथ हुआ। प्रभातफेरी एवं रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा “प्लास्टिक छोड़ो”, “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे जागरूकता संदेश देने वाले नारे लगाए।

इस अवसर पर उपप्राचार्य मुकेश कुमार मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है। प्रधानाचार्य शिव दर्शन सिंह खींची ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएँ और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। रैली विद्यालय परिसर से से प्रारंभ होकर आसपास के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। अंत में विद्यालय परिसर में संक्षिप्त सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वृक्षारोपण करने एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ नितिन कुमार सैनी, दिनेश कुमार शर्मा सुरेन्द्र सिंह राठौर, महावीर लौहार,राहिल शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
