बिजौलिया।
नगर की बेटी डॉ. युक्ता कोतवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मानव संसाधन प्रबंधन विषय में शोध पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। यह उपाधि उन्हें मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर से प्रदान की गई, जहां दीक्षांत समारोह में राजस्थान के महामहिम राज्यपाल द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।

डॉ. युक्ता कोतवाल, नगर निवासी समाजसेवी सुधीर कोतवाल अध्यक्ष, देवनारायण गुर्जर सेवा संस्थान, बिजौलिया की सुपुत्री हैं। वे मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से गुर्जर समाज की पहली बेटी हैं, जिन्होंने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। साथ ही वे भीलवाड़ा जिले के गुर्जर समाज की दूसरी बेटी हैं, जिन्होंने यह शैक्षणिक मुकाम हासिल किया है।
उनकी इस सफलता पर बिजौलिया सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी की लहर है। सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और नागरिकों ने डॉ. युक्ता कोतवाल को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
