शक्करगढ़
शक्करगढ़ कांग्रेस मंडल के कार्यकर्ताओं की सोमवार को विशेष बैठक आयोजित हुई जिसमें विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस आगामी 6 फरवरी को सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में जहाजपुर के एसडीएम को ज्ञापन सौंपेने को लेकर निर्णय लिया गया
कांग्रेस नेता बाबूलाल मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि जहाजपुर पंचायत समिति एवं शक्करगढ़ मंडल की सभी ग्राम पंचायतों में पिछले करीब 8 माह से नरेगा कार्य बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर रोजगार संकट उत्पन्न हो गया है। इसके साथ ही क्षेत्र की अधिकांश सड़कें खस्ताहाल स्थिति में हैं, लेकिन न तो नई स्वीकृतियां मिली हैं और न ही पेंचवर्क जैसे आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सरकारी विद्यालयों में परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे समय में राज्य सरकार द्वारा किए गए स्थानांतरणों से शिक्षकों की भारी कमी हो गई है। कई शिक्षकों व कर्मचारियों को राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से डेप्युटेशन पर भेजे जाने का आरोप भी लगाया गया। वहीं शक्करगढ़ और टीटोड़ा जागीर अस्पतालों से कर्मचारियों के स्थानांतरण के कारण स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस 6 फरवरी को शक्करगढ़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ ज्ञापन सौंपेगी। इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण सेन सहित भेरूलाल जोशी, अशोक मंत्री, ओमप्रकाश मेघवंशी, परमेश्वर मेघवंशी, सीताराम गुर्जर, महावीर सेन, भरत सेन तथा बाकरा, बरोदा, बेई सहित मंडल के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
















