बिजोलिया । मंडोल बांध गांव में युवक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में 18 वर्षीय युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गंभीर हालत में युवक को नगर स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल के परिजनों की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।


कांस्टेबल दलवीर ने बताया की दिलीप पुत्र प्रकाश बंजारा, निवासी फतेहपुरा डाबी, गुरुवार को मंडोल गांव में एक युवती से मिलने आया था। इसकी सूचना किसी व्यक्ति द्वारा युवती के भाई को दे दी गई। शुक्रवार को जब भाई गांव पहुंचा और अपनी बहन को दिलीप के साथ देखा तो वह गुस्से में आ गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।


आरोप है कि विवाद के दौरान युवक और उसकी बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। उठते धुएं को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बाइक पूरी तरह जल चुकी थी और युवक के हाथ, पैर व पीठ बुरी तरह झुलस चुके थे।

घायल युवक को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया ले जाया गया, जहां डॉ. अंसार खान ने युवक के लगभग 30 प्रतिशत तक झुलसने की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया।
इस संबंध में प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
