एनएच-27 पर फिर हादसा, निर्माण स्थल बना खतरा ; केसरगंज कट पर कार हुई अनियंत्रित , अधूरे निर्माण की खुली पोल

BHILWARA
Spread the love


बिजौलिया (नरेश धाकड़)।
राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज कार्य बंद होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में अनावश्यक हस्तक्षेप तथा समय पर स्वीकृत बजट ठेकेदार को जारी नहीं होने के कारण ठेकेदार ने कार्य अधूरा छोड़ दिया है। इसके चलते हाईवे पर आवागमन बाधित हो रहा है और आए दिन हादसे हो रहे हैं।



जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बिजौलिया सहित भीलवाड़ा जिले के सलावटिया तथा बूंदी जिले के डाबी कट प्वाइंट पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है। निर्माण स्थल पर न तो संपर्क मार्गों पर स्पष्ट दिशा-सूचक लगे हैं और न ही गड्ढों की मरम्मत की गई है, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



इसी लापरवाही के चलते बीती रात शुक्रवार को बिजौलिया के केसरगंज कट पर एक बड़ा हादसा हो गया। कोटा से उदयपुर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, संपर्क मार्गों को सुरक्षित बनाया जाए तथा दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।