काछोला। विक्रम सिंह
क्षेत्र के बागथला से लक्ष्मीपुरा तक डामर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल से मिला। यह प्रतिनिधिमंडल राजगढ़ पंचायत से विधायक प्रतिनिधि बद्रीलाल गुर्जर के नेतृत्व में विधायक से मिला और सड़क निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया।


ग्रामीणों ने बताया कि बागथला से लक्ष्मीपुरा मार्ग लंबे समय से कच्चा एवं जर्जर अवस्था में है। मार्ग पर गड्ढों और कीचड़ के कारण आमजन, छात्र-छात्राओं तथा किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के दिनों में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने राजगढ़ से कटारिया खेड़ा तक सड़क निर्माण की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन दोनों सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।

विधायक खंडेलवाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दोनों सड़कों के प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा शीघ्र ही स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति देने का भरोसा भी दिलाया।
विधायक के आश्वासन पर ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि बद्रीलाल गुर्जर, जाल का खेड़ा से भंवर सिंह, उमेदपुरा से हरलाल गुर्जर, राजगढ़ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
