शिवरात्रि मेले में इस बार दिखेगा नवाचार, व्यवस्थाओं पर प्रशासन की रहेगी पैनी नजर; तिलस्वा महादेव मेले को लेकर बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिए गए निर्देश

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया।
तिलस्वा महादेव मंदिर पर आगामी शिवरात्रि मेले के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों एवं मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपखंड अधिकारी राठौर ने मेले के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, साफ-सफाई, भोजन एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तिलस्वा पेट्रोल पंप से लेकर कांस्या पंप तक सड़क किनारे पड़े पत्थरों के अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को दुरुस्त करने तथा कांस्या पंप तक विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए।



बैठक में मंदिर परिसर में लगी दुकानों को मेले से पूर्व बाहर स्थानांतरित करने पर सहमति बनी। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष रमेशचंद्र अहीर ने प्रस्ताव रखा कि जब धूप-बत्ती पात्र को मंदिर के बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है, तो मंदिर के अंदर लगी रेलिंग को भी हटवाकर पूरा स्थान खाली किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिल सके। ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि अंदर स्थित दुकानों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिन्हें पुलिस प्रशासन के सहयोग से हटाया जाएगा।



बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष शिवरात्रि मेले का आयोजन पूर्व वर्षों की अपेक्षा नवाचार के साथ किया जाएगा। ग्राम पंचायत कार्यालय के पास पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा मंदिर ट्रस्ट को मंदिर परिसर में साफ-सफाई, भोजन एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



इसके साथ ही पंचायत को बाहरी परिसर में साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बीसीएमओ गोपाल यादव को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त ग्राम विकास अधिकारियों की अस्थायी नियुक्ति के भी निर्देश जारी किए गए।

बैठक में थाना अधिकारी स्वागत पाण्डेय, विकास अधिकारी अशेष शर्मा, कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ललित मेवाड़ा, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता रामप्रसाद धाकड़, ग्राम विकास अधिकारी छुट्टन शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।