पूर्व जिला प्रमुख धाकड़ का सियासी धमाका : फोकस LIVE में खोले कई ‘राज’

BHILWARA
Spread the love


पूर्व विधायक विवेक की हार पर कांग्रेस नेताओं पर सीधा आरोप, ‘माफिया गैंग’ का जिक्र • तिलस्वा महादेव पर करप्शन से इनकार • राजगढ़ कार्रवाई पर उठाए सवाल • कहा कांग्रेस खत्म नहीं, मैं निभा रहा विपक्ष की भूमिका

भीलवाड़ा । कपिल श्याम विजय ।

मांडलगढ़ विधानसभा की राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। भीलवाड़ा फोकस के LIVE पॉडकास्ट में पूर्व जिला प्रमुख इंजी. कन्हैया लाल धाकड़ ने बेबाक अंदाज में ऐसे बयान दिए, जिन्होंने जिले की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी। यह चर्चा भीलवाड़ा फोकस समाचार पत्र के प्रधान संपादक एवं पॉडकास्ट होस्ट कपिल विजयवर्गीय के साथ हुई, जिसमें धाकड़ ने भीलवाड़ा और मांडलगढ़ की राजनीति के कई अनछुए पहलुओं को सामने रखा।



पूर्व विधायक विवेक की हार और मौत पर बड़ा आरोप

चर्चा के दौरान धाकड़ ने मांडलगढ़ के पूर्व विधायक की हार और आहत होकर हुई मौत के पीछे भीलवाड़ा जिले के कई बड़े कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने नाम लेते हुए आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में एक सच्चे और ईमानदार नेता को हराने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई। उनके मुताबिक, माफिया गैंग सक्रिय रही, जिसमें कांग्रेस के पूर्व मंत्री से लेकर जिले के कई प्रभावशाली नेता शामिल थे।
उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

यहां कांग्रेस-बीजेपी नहीं, निजी स्वार्थ की राजनीति

धाकड़ ने कहा कि मांडलगढ़ में वैचारिक राजनीति कमजोर हो चुकी है। यहां कांग्रेस या बीजेपी की लड़ाई नहीं है, अधिकतर लोग अपने-अपने काम निकालने में लगे हैं। राजनीति गंदी हो गई है, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा।
उन्होंने मतदाताओं को भी चेताते हुए कहा कि बुद्धिजीवी वर्ग अपने मत की ताकत नहीं समझता पहले गलत नेतृत्व चुनता है और बाद में पछताता है।



तिलस्वा महादेव के विवाद पर भी दिया बयान

तिलस्वा महादेव को लेकर उठ रहे सवालों और चल रहे विवाद पर धाकड़ ने कहा कि वहां किसी प्रकार का करप्शन नहीं हुआ है। उन्होंने इसे उन्हें साइडलाइन करने की राजनीतिक चाल बताया।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा की अगर गड़बड़ी है तो सिर्फ इसी मंदिर को क्यों निशाना बनाया जा रहा है? क्या क्षेत्र में अन्य प्रसिद्ध मंदिरों में सब कुछ सही है?

राजगढ़ लोकार्पण और कार्रवाई पर सवाल

धाकड़ में हाल ही में विधानसभा के राजगढ़ में नव-निर्मित कार्य के लोकार्पण के बाद हुई कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि क्या केवल ठेकेदार पर की गई कार्रवाई पर्याप्त है? जिस स्तर का काम हुआ, क्या उस पर लिया गया एक्शन उचित है, या जनता को सिर्फ भ्रमित किया जा रहा है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

बिजोलिया विकास, खातेदारी लाइसेंस और आरोली कांड का जिक्र

चर्चा के दौरान धाकड़ ने बिजोलिया क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों, खातेदारी लाइसेंस से जुड़े मुद्दों और चर्चित आरोली कांड की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में सच्चाई को दबाने की कोशिश की गई।



कांग्रेस खत्म नहीं हुई , मैं जिंदा हूँ

मांडलगढ़ में कांग्रेस की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर धाकड़ ने दो टूक कहा
कांग्रेस खत्म नहीं हुई है। मैं कांग्रेस का नेतृत्व कर रहा हूं और विपक्ष की भूमिका निभा रहा हूं। अभी मैं ज़िंदा हूँ ।

भीलवाड़ा फोकस के पॉडकास्ट के बाद धाकड़ के बयानों ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक मंचों तक उनके आरोपों और दावों को लेकर बहस तेज हो गई है। आने वाले समय में इन बयानों का क्या सियासी असर होगा, इस पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं।