भीलवाड़ा फोकस लाइव पॉडकास्ट का असर: बिजोलिया के जमींदोज स्कूल के भूखंड पर फिर लगा विधालय बोर्ड और ताला

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा । कपिल श्याम विजय

बिजोलिया के तेजाजी चौक स्थित जमींदोज विद्यालय भवन मामले में भीलवाड़ा फोकस लाइव पॉडकास्ट का असर साफ नजर आने लगा है। पॉडकास्ट में मुद्दा प्रमुखता से उठने के बाद शुक्रवार को जमींदोज स्थल के मुख्य गेट पर संस्था विकास एवं प्रबंध समिति, रा.उ.मा.वि. की ओर से संपत्ति विद्यालय की होने का बोर्ड लगा दिया गया और गेट पर ताला भी जड़ दिया गया।



नगर में इस कार्रवाई को पॉडकास्ट के बाद बढ़े जनदबाव का परिणाम माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से समाजसेवियों, पूर्व शिक्षकों और नागरिकों द्वारा विद्यालय प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग जोरो शोरों से उठाई जा रही थी।

क्या है मामला?
• जनवरी 2023 में तेजाजी चौक स्थित पुराने विद्यालय भवन को गिरा दिया गया।
• यहां नगर के महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का नया भवन प्रस्तावित था।
• प्रशासनिक स्वीकृति मिली, लेकिन वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं हुई।
• इसके बावजूद भवन ध्वस्त कर दिया गया और तीन साल से स्थल पर मलवा पड़ा रहा।
• भूमि शिक्षा विभाग के अधीन होने के बावजूद नगर में अन्य उपयोग की चर्चाएं चलती रहीं।

प्रोडकास्ट के बाद बड़ी हलचल

पॉडकास्ट में पूर्व पंचायत समिति सदस्य हितेन्द्र सिंह राजौरा द्वारा प्रशासनिक जल्दबाजी, जन-संवाद की कमी और जवाबदेही के सवाल उठाए गए थे। इसके बाद नगर में मामला फिर चर्चा में आया।



अब विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा बोर्ड लगाना और गेट पर ताला लगाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि संपत्ति पर विद्यालय का अधिकार स्पष्ट करने की पहल की गई है।

हालांकि, नए भवन निर्माण या भूमि के अंतिम उपयोग को लेकर अब भी कोई आधिकारिक समयबद्ध घोषणा नहीं हुई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल बोर्ड लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। या तो शीघ्र नए विद्यालय भवन का निर्माण शुरू किया जाए या स्पष्ट लिखित निर्णय सार्वजनिक किया जाए।

फिलहाल इतना तय है कि फोकस लाइव पॉडकास्ट में मुद्दा उठने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल शुरू हुई है और जमींदोज स्कूल की फाइल फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है।