बनेडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 57 किलो डोडा चूरा व फॉर्च्यूनर कार जब्त

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा। मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बनेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 किलो 120 ग्राम अवैध डोडा चूरा एवं एक फॉर्च्यूनर कार जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य (आरपीएस), शाहपुरा एवं वृताधिकारी ओमप्रकाश विष्नोई (आरपीएस) के सुपरवीजन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार 19 व 20 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को थानाधिकारी बछराज चौधरी गश्त व चेकिंग पर थे। इसी दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स चौकी भीलवाड़ा से सूचना मिली कि आगूचा रोड पर डाबला के पास नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर फरार हो गया।


इसके कुछ समय बाद ग्राम घरटा से सूचना मिली कि एक फॉर्च्यूनर कार गांव में एक कार व मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर भाग रही है। सूचना पर पुलिस टीम गांव के पास खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां क्षतिग्रस्त हालत में फॉर्च्यूनर कार खड़ी मिली। टायर फटने के कारण चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

तलाशी लेने पर कार से अवैध डोडा चूरा के 4 कट्टे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 57 किलो 120 ग्राम पाया गया। पुलिस ने वाहन (आरजे 31 यूए 4555) सहित मादक पदार्थ को जब्त कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 32/2026 दर्ज किया है।



कार्रवाई में थानाधिकारी बछराज चौधरी सहित थाना बनेड़ा व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।