आसींद नगर पालिका की अनूठी पहल ; स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त शहर के लिए सड़क पर उतरे अधिकारी

BHILWARA
Spread the love


आसींद । शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ आसींद नगर पालिका द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार सुबह अधिशासी अधिकारी विकास कुमावत के नेतृत्व में पालिका की टीम ने धरातल पर उतरकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। फायर मशीनों से हुई नालियों की सफाई अभियान के दौरान गांधी चौक से लेकर बड़े मंदिर तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित नालियों की विशेष सफाई करवाई गई। इसके लिए फायर ब्रिगेड की मशीनों (फायर टेंडर) का उपयोग किया गया, जिससे नालियों में जमा गंदगी को प्रेशर के साथ पूरी तरह साफ किया जा सके। कर्मचारियों ने मुस्तैदी के साथ पूरे मार्ग को चकाचक किया।


अतिक्रमण पर चला पीला पंजा
सफाई के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। ब्यावर चुंगी नाका सर्किल पर लंबे समय से हो रहे अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों और सर्किलों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  “स्वच्छ आसींद, स्वस्थ आसींद” निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने स्वयं व्यापारियों और आमजन से मुलाकात की। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का कचरा नालियों में न डालकर कचरा पात्र का उपयोग करें और सड़क सीमा का अतिक्रमण न करें।

इस कार्रवाई के दौरान पालिका के अधिशासी अधिकारी विकास कुमावत, एईएन प्रवीण कुमार सहित अन्य तकनीकी अधिकारी और सफाई कर्मचारी भारी संख्या में उपस्थित रहे। घर-घर जाकर लोगों को किया गया जागरूक, गांधी चौक से बड़े मंदिर तक विशेष सफाई अभियान, ब्यावर चुंगी नाका से हटाया गया अवैध अतिक्रमण।