बनेड़ा । भीलवाड़ा जिले की बनेड़ा तहसील के कुंडिया कला गाँव के एक उभरते हुए कलाकार अरविंद सुथार पुत्र स्व. महावीर सुथार) अपनी असाधारण चित्रकारी के लिए चर्चा का विषय बने हुए हैं। अरविंद पेंसिल से ऐसे रियलिस्टिक (यथार्थवादी) स्केच बनाते हैं जो एकदम असली तस्वीर की तरह दिखाई देते हैं। उनकी इस अनूठी कलाकारी की सराहना न केवल उनके गाँव में, बल्कि जिले के आला अधिकारियों और मशहूर हस्तियों द्वारा भी की जा रही है।


हाल ही में उन्होंने भीलवाड़ा के एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव को उनका पेंसिल स्केच भेंट किया, जिसकी उन्होंने काफी प्रशंसा की। अरविंद अब तक कई नामचीन लोगों के स्केच बना चुके हैं जिसमें भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव, मशहूर इन्फ्लुएंसर पवन साहू, राजस्थानी लोक गायक हंसराज अठारिया , विधायक रवींद्र सिंह भाटी कॉमेडी ग्रुप ‘Rok Drama’ की टीम शामिल है।


धार्मिक चित्रों में भी माहिर: हस्तियों के साथ-साथ अरविंद ने धार्मिक आस्था के केंद्रों के भी सुंदर चित्र उकेरे हैं। उन्होंने गढ़बोर चारभुजा नाथ जी, भगवान शिव, हनुमान जी और राधा-कृष्ण के अत्यंत सूक्ष्म और सजीव पेंसिल स्केच बनाए हैं।


भीलवाड़ा जिले के प्रसिद्ध चित्रकार राजेंद्र कुमार शर्मा के बाद अब अरविंद सुथार अपनी सूक्ष्म आकृतियों और बारीकी से किए गए काम के जरिए अपनी एक अलग पहचान बना रहे हैं। उनकी इस मेहनत और प्रतिभा को देखते हुए भविष्य में उनसे बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।





