भीलवाड़ा में त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा। । होली, धूलण्डी, रंगपंचमी, शीतला सप्तमी, शीतला अष्टमी, रंग तेरस, हिन्दू नववर्ष, चेटीचण्ड, ईदुलफितर (चांद से), रामनवमी तथा श्री महावीर जयंती के अवसर पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने आदेश जारी कर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों की नियुक्ति की है।



जारी आदेश के अनुसार सुभाषनगर एवं सदर थाना क्षेत्र के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट अक्षत कुमार सिंह तथा नायब तहसीलदार भैरू लाल सुथार को नियुक्त किया गया है। कोतवाली एवं भीमगंज थाना क्षेत्र के लिए तहसीलदार नीरज रावत और नायब तहसीलदार रोनक शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार गांधीनगर, प्रतापनगर एवं पुर थाना क्षेत्र के लिए नगर विकास न्यास के विशेषाधिकारी चिमन लाल मीणा तथा तहसीलदार दिनेश कुमार साउ को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

नियुक्त अधिकारी संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखेंगे तथा आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं का नियोजन सुनिश्चित करेंगे। जिले के अन्य स्थानों पर संबंधित उपखण्ड मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदारों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।



इसके अतिरिक्त अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) प्रतिभा देवठिया को भीलवाड़ा शहर के लिए तथा अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) रणजीत सिंह को शहर को छोड़कर शेष जिले के लिए प्रभारी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सभी त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।