भीमपुरा में श्मशान भूमि विवाद सुलझा — 3 घंटे बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुआ दाह संस्कार ; तहसीलदार ने नई श्मशान भूमि आवंटन के दिए निर्देश

BHILWARA
Spread the love


शक्करगढ

किशनगढ़ पंचायत के राजस्व गांव भीमपुरा में शुक्रवार को धापू देवी गुर्जर के निधन के बाद श्मशान घाट की भूमि को लेकर अचानक विवाद खड़ा हो गया। परिजन जब शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे तो दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए कहा कि संबंधित भूमि उनके खाते में दर्ज है। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से गांव में दाह संस्कार इसी स्थान पर होता आ रहा है।


विवाद बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और शव करीब तीन घंटे तक मौके पर रखा रहा। सूचना मिलते ही तहसीलदार रवि कुमार मीणा, नायब तहसीलदार बद्रीलाल मीणा, पटवारी तथा शक्करगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश शुरू की। पुलिस ने पूरे समय स्थिति को शांत बनाए रखा।


लंबी वार्ता के बाद तहसीलदार ने दोनों पक्षों को समझाकर सहमति बनवाई, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में विधि-विधान से दाह संस्कार करवाया गया।
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में विवाद न हो इसके लिए तत्काल कदम उठाए। तहसीलदार ने नायब तहसीलदार व पटवारी को गांव में अलग से उपयुक्त भूमि चिन्हित कर श्मशान घाट का विधिवत आवंटन करने के निर्देश दिए।


इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल द्वारका प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल से राहत महसूस की, वहीं नई श्मशान भूमि तय होने के बाद लंबे समय से चल रहा विवाद समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।