हमारा आसींद-स्वच्छ आसींद’: नगरपालिका के अभियंताओं ने स्वयं ऑटो टीपर चलाकर की स्वच्छता की अपील

BHILWARA
Spread the love


आसींद । नगर पालिका आसींद द्वारा शहर को कचरा मुक्त बनाने और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई है। ‘स्वच्छ भारत मिशन 2.0’ के तहत नगरपालिका प्रशासन अब धरातल पर उतरकर स्वच्छता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्वच्छता मुहिम को गति देने के लिए नगर पालिका के सहायक अभियंता (AEN) प्रवीण कुमार बमनावत और कनिष्ठ अभियंता (JEN) राजमल गुर्जर ने स्वयं ऑटो टीपर चलाकर शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा किया।

घरों और दुकानों में अनिवार्य रूप से कचरा पात्र रखने की अपील। कचरे के सही निस्तारण के लिए गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कचरा पात्रों में इकट्ठा करने का आग्रह। ऑटो टीपर में कचरा डालते समय उसे निर्धारित खानों में ही डालने की जानकारी दी। रात्रिकालीन सफाई से बदले नगर के हालात अधिशाषी अधिकारी (EO) विकास कुमावत ने बताया कि स्वच्छता के लिए सफाई मित्रों के साथ-साथ कार्यालय के सभी कर्मचारी पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।

सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि शहर के मुख्य बाजार और मार्ग अब रात्रिकालीन सफाई के कारण स्वच्छ नजर आने लगे हैं। शहरवासी भी नगरपालिका की इस सक्रियता की सराहना कर रहे हैं और अभियान में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। आसींद को ‘सीटीयू मुक्त’ और पूर्णतः स्वच्छ बनाने के लिए नगरपालिका ने प्रत्येक कर्मचारी की जवाबदेही तय की है: सभी कर्मचारियों को अलग-अलग वार्ड निर्धारित कर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कर्मचारी कार्यालय समय से पहले और बाद में भी प्रातःकालीन एवं रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सफाई मित्रों के साथ तालमेल बिठाकर कचरा संग्रहण और सड़कों की सफाई सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन की अपील: नगरपालिका प्रशासन ने प्रत्येक शहरवासी से इस अभियान से जुड़ने का निवेदन किया है, ताकि ‘हमारा आसींद-स्वच्छ आसींद’ का संकल्प साकार हो सके।