चोरों के आतंक से किसान परेशान, एक दर्जन से अधिक केबल व मोटर चोरी की घटनाएं

BHILWARA
Spread the love


बिजोलिया। उपखंड क्षेत्र के लक्ष्मी निवास, जोलास, डोबिया और माजीसा का खेड़ा गांवों में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों इन गांवों में करीब एक दर्जन से अधिक केबल और मोटर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है।



पीड़ित किसान प्रकाश पुत्र जीतमल ने बताया कि वो आज सुबह अपने खेत पर सिंचाई करने पहुंचा तो देखा कि कुएं के पास लगी केबल कटी हुई अवस्था में पड़ी थी और मोटर भी गायब थी। इसी प्रकार अन्य किसानों के खेतों से भी केबल काटकर चोरी कर ली गई।



चोरी की घटनाओं से प्रभावित किसानों में मोहन पुत्र जगन्नाथ, मोहन पुत्र मन्ना, ओमप्रकाश पुत्र प्रभु, खेमराज, शम्भू पुत्र जगन्नाथ, नरेंद्र पुत्र छितर, दिनेश पुत्र खाना और पन्नालाल सहित कई किसान शामिल हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, साथ ही सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है।



ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय अज्ञात बदमाश खेतों में पहुंचकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। किसानों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।