बिजौलिया। मध्यप्रदेश पुलिस की हिरासत से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

एएसआई नरेश सुखवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सलावटिया क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई।


नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुनील (19) पुत्र विजय सिंह बंजारा, निवासी नयानगर मागू ,बिजौलिया के रूप में हुई। सुनील मध्यप्रदेश में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित था और एमपी पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था। जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

