प्रधानमंत्री की फोटो दिखाकर ‘चाय वाले को टपकाने’ की रील बनाई, तीन युवक डिटेन

BHILWARA
Spread the love


जहाजपुर । सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की तस्वीर दिखाते हुए ‘चाय वाले को टपकाने’ जैसी आपत्तिजनक टिप्पणी कर बनाई गई एक रील तीन युवकों के लिए मुसीबत बन गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तीनों युवकों को डिटेन कर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जहाजपुर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर बनाई गई एक रील तेजी से सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो रही थी। रील में तीन युवक आपस में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान वे ‘एक चाय वाले को टपकाने’ की बात करते हैं।



वीडियो में जब एक युवक दूसरे से पूछता है कि यह चाय वाला कौन है, तो उनमें से एक युवक अपने मोबाइल में प्रधानमंत्री की तस्वीर दिखाता नजर आता है। यह क्लिप सोशल मीडिया पर फैलते ही लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

थाना प्रभारी सिंह ने बताया की वीडियो की सामग्री आपत्तिजनक होने के साथ ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की और रील बनाने वाले युवकों की पहचान कर उन्हें डिटेन कर लिया।



पुलिस ने मोहम्मद अली (26) पुत्र शहर मोहम्मद निवासी जहाजपुर, आवेश राजा (20) पुत्र रफीक मेवाती निवासी जहाजपुर और फरदीन मोहम्मद (24) पुत्र रफीक मोहम्मद निवासी जहाजपुर को हिरासत में लिया है। तीनों से थाने में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।