भीलवाड़ा। पारोली थाना क्षेत्र में मारपीट के एक प्रकरण में वांछित आरोपियों के खिलाफ डीएसटी व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में की गई।


पुलिस ने बताया कि सुरेश कुमार धाकड़ पुत्र जगन्नाथ धाकड़ (37) निवासी खेड़ी, कोटड़ी ने 27 फरवरी को थाना पारोली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उसके कब्जे वाले बाड़े में आरोपियों ने कब्जा करने की नीयत से लोहे के पाइप डाल दिए। जब उसने और उसके भाई राजू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठियों और पाइप से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। साथ ही आरोपियों ने लोगों को डराकर अवैध कब्जा करने का प्रयास भी किया।

इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की । अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश वैष्णव (35) पुत्र शंकरदास तथा कैलाश वैष्णव (39) पुत्र शंकरदास निवासी खेड़ी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
