शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित सुपार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में गणिनी श्रमणी आर्यिका 105 श्री विज्ञा श्री माताजी ससंघ के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सुपार्श्वनाथ के समक्ष दीप प्रज्वलन संरक्षकगण वृद्धिचंद बडजात्या, विमल छाबड़ा, निर्मल जैन, सुमति अजमेरा, भागचंद काला एवं गुणमाला बडजात्या कर किया । मंगलाचरण त्रिशला महिला मंडल ने किया । इसके पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश गंगवाल सहित समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प देव शास्त्र गुरु को साक्षी मानकर लिया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने पूर्व अध्यक्ष राकेश पाटनी समेत समस्त कार्यकारिणी का सम्मान किया ।


इस अवसर पर शहर के अतिरिक्त जिला कलक्टर अरुण जैन, सभी दिगम्बर जैन मंदिरों की कार्यकारिणी, जीतो भीलवाड़ा के मनीष शाह और समाज के कई दिग्गज प्रदीप गदिया, नरेश पाटोदी, नरेश गोधा , प्रवीण चौधरी, अशोक कांटीवाल, भेरू लाल बडजात्या, सुरेश दलाल, पूनम सेठी, सोहन लाल गंगवाल एवं समस्त अतिथियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश गंगवाल, उपाध्यक्ष नवीन काला व सुरेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष कैलाश शाह, सह कोषाध्यक्ष राजेश ठग, संगठन मंत्री पारस शाह, संयुक्त मंत्री पारस झांझरी, जन संपर्क मंत्री मुकेश गदिया व संजय छाबड़ा और सदस्य माणक चंद बाकलीवाल, नवीन काला, सुनील कटारिया , नेमीचंद गोधा को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का कार्य करेगी।

अपने उद्बोधन में अध्यक्ष गंगवाल ने सुपार्श्वनाथ जिनालय की नींव से जुड़े श्रावक श्राविकाओ को याद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज द्वारा उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उसे वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द, सहयोग तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। विज्ञा श्री माताजी ने उपदेश देते हुए कहा की कमेटी आएगी जाएगी पर समाज में एकता सक्रिय सहभागिता बनी रहनी चाहिए । नवगठित कार्यकारिणी द्वारा सभी पधारे हुए अथितियों का वात्सल्य भोज कर सत्कार किया ।
