महिला दिवस पर पिता का अनोखा स्नेह: सब्जी बेचने वाले पिता ने मायरे में दिए 15 लाख रुपए

BHILWARA
Spread the love


शाहपुरा (किशन वैष्णव)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खामोर गांव में पिता के स्नेह और बेटी के सम्मान की अनोखी मिसाल देखने को मिली। गांव निवासी गोपाल तेली, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने अपनी बेटी रेखा के बेटे (दोहिते) के मुंडन संस्कार के अवसर पर मायरा भरते हुए 15 लाख रुपए नकद भेंट किए।



जानकारी के अनुसार गोपाल तेली अपने पुत्र जीवराज (भैरू) तेली और शिवराज तेली के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गांव से अंगुचा लेकर मायरा भरने पहुंचे। इस दौरान मायरे में नकद राशि के साथ पायजेब की जोड़ी, अंगूठी और कपड़े भी भेंट किए गए।

मायरा भरने के दौरान भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला। बेटी रेखा पिता का स्नेह और समर्पण देखकर भावुक हो उठी और उसकी आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पिता-पुत्री के इस अटूट प्रेम की सराहना की।



साधारण जीवनयापन करने वाले गोपाल तेली द्वारा महिला दिवस के दिन बेटी के प्रति दिखाया गया यह स्नेह और सम्मान गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुंडन संस्कार का कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें गांव और समाज के कई लोग मौजूद रहे।