बिजोलिया (नरेश धाकड़)
उपखंड क्षेत्र के डोबिया गांव में गंदगी और कीचड़ के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग पर एक सरकारी कर्मचारी द्वारा अपने घर का गंदा पानी छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क पर लगातार कीचड़ जमा हो रहा है।

ग्रामीण नरोत्तम धाकड़ सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह स्थान घुमावदार मोड़ पर स्थित है, जिससे सामने से आने वाले वाहनों का सही अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में कीचड़ के कारण राहगीरों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार यहां कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

ग्राम पंचायत सचिव गोपाल धाकड़ ने बताया कि पंचायत की ओर से यहां नाली का निर्माण करवाया गया था, लेकिन मकान मालिक द्वारा अवैध अतिक्रमण कर लेने के कारण नाली व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
