मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने विधानसभा में उठाई राशन घोटाले की आवाज़; भ्रष्टाचार के खिलाफ की सख्त कार्रवाई की मांग

BHILWARA
Spread the love





जयपुर/मांडलगढ़:
मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने आज राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में अपने निर्वाचन क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों (राशन की दुकानों) में हो रहे भारी भ्रष्टाचार और गेहूं के गबन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक खंडेलवाल ने ग्राम पंचायत लाडपुरा और बरुंधनी में राशन वितरण में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री से तीखे सवाल किए।



विधायक खंडेलवाल ने सदन को बताया कि ग्राम पंचायत लाडपुरा में उचित मूल्य दुकानदार रेणु कुमारी मीणा द्वारा राशन वितरण में धांधली की गई है। विभाग की जांच में लगभग 90.41 क्विंटल गेहूं का गबन पाया गया था। विधायक ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि गबन और भ्रष्टाचार की पुष्टि होने के बावजूद संबंधित दुकानदार के खिलाफ विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई करने में देरी की जा रही है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है।
विधायक खंडेलवाल ने सदन में कहा, “जब भ्रष्टाचार सिद्ध हो चुका है और 90 क्विंटल से अधिक गेहूं गायब पाया गया है, तो फिर दोषियों को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है? गरीबों के हक के अनाज की चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


जवाब में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि लाडपुरा के मामले में विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्राधिकार पत्र को निलंबित कर दिया था और एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, मामला उच्च न्यायालय में होने के कारण प्रक्रियाधीन है।

विधायक खंडेलवाल ने इस पर पुनः जोर देते हुए मांग की कि विभाग न्यायालय में मजबूती से पक्ष रखे ताकि राशन माफियाओं पर लगाम लग सके और जनता को उनका हक मिल सके।
विधायक गोपाल खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और किसी भी भ्रष्ट अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।