बिजोलिया। बूंदी स्टेट हाईवे पर भोपतपुरा के पास संचालित टोल प्लाजा को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर अनियमितताओं और कर्मचारियों के दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच करवाने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त टोल प्लाजा बिजोलिया कस्बे से लगभग 5 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। जबकि नियमों के अनुसार टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों के वाहनों को पहचान पत्र दिखाने पर छूट मिलनी चाहिए, लेकिन स्थानीय लोगों को इस सुविधा का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।


क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि स्टेट हाईवे के नियमों के अनुसार दो टोल प्लाजा के बीच करीब 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए, जबकि यहां यह दूरी लगभग 25 से 30 किलोमीटर ही बताई जा रही है, जो नियमों के अनुरूप नहीं है।
इसके अलावा टोल प्लाजा से मिलने वाली रसीद पर अंकित क्यूआर कोड के स्कैन नहीं होने और टोल के नाम को लेकर भी संदेह जताया गया है। लोगों का आरोप है कि टोल पर कार्यरत कुछ कर्मचारी वाहन चालकों से अभद्र व्यवहार करते हैं और कई बार महिलाओं के सामने भी अनुचित भाषा का प्रयोग किया जाता है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने जैसी घटनाएं भी सामने आने की बात कही गई है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टोल प्लाजा की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि इसमें अनियमितताएं पाई जाती हैं तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए टोल को निरस्त किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष अनिल राव , यशवंत सिंह पुंगलिया , रणजीत सिंह कानावत, कुंज बिहारी मेहर ,मनीष टॉक , विवेक नलवाया , मीवाश नलवाया ,अक्षय कुमार ,उमेश शर्मा ,रजत ,कैलाश धोबी सहित कई लोग उपस्थित रहे ।
