गैस एजेंसी का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण , सुरक्षा व्यवस्था, भंडारण और स्टॉक रजिस्टर की जांच, सुधार के दिए निर्देश

BHILWARA
Spread the love


बिजोलिया। नरेश धाकड़। नगर में संचालित इंडेन गैस एजेंसी का शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों के भंडारण, सुरक्षा मानकों, उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।



एसडीएम राठौड़ ने एजेंसी परिसर में मौजूद सुरक्षा उपकरणों, अग्निशमन यंत्रों और स्टॉक रजिस्टर की जांच कर गैस वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।



उन्होंने गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता बताते हुए एजेंसी संचालकों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने कहा कि उपखण्ड प्रशासन द्वारा आगे भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे, जिससे गैस वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।



उपखण्ड प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि गैस वितरण से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तुरंत उपखण्ड कार्यालय को अवगत कराएं।