शक्करगढ़
ग्राम बाकरा में श्री कालिका माता मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा, हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों के बीच पूजा-अर्चना की। दूर-दराज के गांवों से आए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम में भाग लिया और क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीना शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता कालिका का आशीर्वाद लिया तथा ग्रामीणों को इस धार्मिक आयोजन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक मीना ने मंदिर परिसर के विकास के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा भी की।


अपने संबोधन में विधायक मीना ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। मंदिर और धर्मस्थल केवल आस्था के केंद्र ही नहीं होते, बल्कि यह समाज में प्रेम, भाईचारा और संस्कारों को मजबूत बनाने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में इस तरह के आयोजन आपसी सहयोग और एकता की मिसाल होते हैं, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास भी आवश्यक है, क्योंकि यह हमारी आस्था और पहचान से जुड़े हुए हैं। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्णाहुति के साथ हवन सम्पन्न हुआ और संत-महात्माओं के सान्निध्य में सत्संग भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा सभी ने मिलकर माता कालिका से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
