चरागाह में भड़की भीषण आग, धुएं से सहमा गिरधरपुरा; पेड़ झुलसे

BHILWARA
Spread the love

सलावटिया । प्रेम शंकर धाकड़

गिरधरपुरा गांव के चरागाह क्षेत्र में सोमवार को अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और घने धुएं से आसपास का वातावरण धुंधला हो गया और क्षेत्र में रहने वाले जंगली जानवर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

ग्रामीणों के अनुसार आग गांव के सरकारी स्कूल के पीछे स्थित चरागाह क्षेत्र में लगी। देखते ही देखते लपटें ऊंची उठने लगीं और धुआं धीरे-धीरे गांव की ओर फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि घटना के समय स्कूल में छुट्टी हो चुकी थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।

आग की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के पटवारी और गिरदावर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से पानी के टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। साथ ही मांडलगढ़ से आई फायर ब्रिगेड भी आग बुझाने में जुटी हुई है ।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और ग्रामीण मिलकर आग बुझाने में जुटे हुए हैं, जबकि आग से चरागाह क्षेत्र में कई पेड़ झुलस गए हैं।