हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव ‘चेटीचंड’
आसीन्द । सिंधी समाज द्वारा वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जी का जन्मोत्सव ‘चेटीचंड’ शुक्रवार को सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। दिनभर चले विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से पूरा क्षेत्र “जय झूलेलाल” के जयकारों से गुंजायमान रहा। समाजसेवी ज्ञानचंद हरवानी ने बताया कि उत्सव का आगाज़ प्रातः 8:15 बजे मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। दोपहर 12:15 बजे समाज के अध्यक्ष चुन्नीलाल सुजनानी की अध्यक्षता में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और मंदिर शिखर पर नई ध्वजा फहराई गई। इस दौरान समाज की महिलाओं और युवाओं ने भगवान झूलेलाल के भजनों और ‘पंजड़ों’ पर नृत्य कर खुशी का इजहार किया।
भव्य झाँकी और प्रसाद वितरण
दोपहर में भगवान झूलेलाल और अमर शहीद हेमू कालानी की भव्य झाँकी निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुँची, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गांधी चौक पर समाज की ओर से राहगीरों और श्रद्धालुओं को पारंपरिक प्रसाद के रूप में मीठे चावल (तहरी) और चने का वितरण किया गया। गुरूवार शाम को सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल वाटिका में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से वरुण देवता के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन किया। कार्यक्रम के समापन पर भगवान की भव्य महाआरती की गई, जिसके बाद ज्योत को जल में प्रवाहित (बहराणा साहिब) किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष चुन्नीलाल सुजनानी, उपाध्यक्ष भगवानदास हरवानी, कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद हरवानी सहित भवानी शंकर, ओम प्रकाश, कन्हैया लाल, बुद्धि प्रकाश, चेतन, प्रदीप, भीष्म कुमार, विनोद, राजेश, जैकी, राजू, अशोक, जगु, दौलत, तुलसी और गौरी शंकर जैसे समाज के वरिष्ठ जन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति व युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
