चेटीचंड पर झूलेलाल भक्ति में डूबा बिजौलिया, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
भव्य रैली, छेज-डांडिया और झांकियों से सजा उत्सव, फूलों की वर्षा से हुआ स्वागत
बिजौलिया। शुभम जैन ।
कस्बे में सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती चेटीचंड पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। दिनभर चले धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
सुबह झूलेलाल मंदिर में भगवान का पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद ध्वजारोहण कर उत्सव का शुभारंभ किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और “झूलेलाल बेड़ा पार” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
वाहन रैली और भव्य शोभायात्रा
सिंधी नवयुवक मंडल के नेतृत्व में निकाली गई भव्य वाहन रैली ने पूरे कस्बे में उत्सव का माहौल बना दिया। दोपहर में चारभुजा चौक से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो पंचायत चौक, सब्जी मंडी, तेजाजी चौक होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर पहुंची। यहां माता रानी के दर्शन कर यात्रा बस स्टैंड मार्ग से पुनः मंदिर परिसर पहुंची।
फूलों की वर्षा, झांकी बनी आकर्षण
शोभायात्रा के दौरान कस्बे के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। भगवान झूलेलाल की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह कणा प्रसाद का वितरण किया गया।
छेज-डांडिया और भजनों पर झूमे श्रद्धालु
यात्रा में पुरुषों ने पारंपरिक छेज-डांडिया रास प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया, वहीं महिलाएं सिंधी भजनों और गीतों पर झूमती नजर आईं। युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
महाआरती और विसर्जन के साथ समापन
शाम को मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसके बाद मंडोल बांध में विसर्जन कार्यक्रम सम्पन्न किया गया। अंत में सामूहिक प्रतिभोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर मोहन लुधानी, कैलाश देवानी, नाथूलाल चावला, संजय सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे।
