खेत से 5595 अफीम के पौधे बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

BHILWARA
Spread the love

खेत से 5595 अफीम के पौधे बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पारोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गेहूं के खेत से अफीम के हजारों अवैध पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से कुल 5595 हरे अफीम के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 80 किलो 400 ग्राम बताया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य के निर्देशन एवं वृताधिकारी कोटड़ी सुरेश कुमार के सुपरविजन में थाना पारोली के थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस को 20 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि सरहद सरा का खेड़ा क्षेत्र में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे उगाए गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत की तलाशी ली, जहां गेहूं की फसल के किनारे अफीम के हरे पौधे डोडे लगे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से कुल 5595 छोटे-बड़े पौधे जब्त किए, जिनका वजन 80 किलो 400 ग्राम निकला।

इस संबंध में थाना पारोली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी सियाराम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हरिराज, कांस्टेबल भागीरथ (विशेष योगदान), मनीष, सुनील, शिवराज, श्योपाल, शैतान सिंह, मनोज और राजेश कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।