चैत्र नवरात्र पर जोगणियां माता शक्तिपीठ में पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन

BHILWARA
Spread the love



चैत्र नवरात्र पर जोगणियां माता शक्तिपीठ में पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन

बेंगू । चित्तौड़गढ़ क्षेत्र स्थित श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ मंदिर परिक्षेत्र में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।

महायज्ञ के अंतर्गत श्रीमद् देवी भागवत मूल पारायण, श्रीरामचरितमानस पारायण तथा नवार्ण महामंत्र जप जैसे पवित्र अनुष्ठान विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हो रहे हैं। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति का वातावरण व्याप्त है।

इस विशेष आयोजन में श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ वेद विद्यालय के बटुक भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। वेद विद्यालय के विद्यार्थी वेद मंत्रों के उच्चारण, जप एवं पारायण के माध्यम से महायज्ञ को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



संस्थान अध्यक्ष श्री सत्यनारायण जोशी ने बताया कि ऐसे वैदिक अनुष्ठान समाज में धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

चैत्र नवरात्रि के दौरान भगवती श्री जोगणियां माता जी के दर्शन हेतु प्रतिदिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है तथा भक्तगण यज्ञ, पाठ एवं जप में बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं।