शाही अंदाज़ में सजी गणगौर की सवारी, बिजोलिया में उमड़ा जनसैलाब

BHILWARA
Spread the love

शाही अंदाज़ में सजी गणगौर की सवारी, बिजोलिया में उमड़ा जनसैलाब

बिजोलिया। रमेश गुर्जर ।
गणगौर पर्व पर कस्बे में शनिवार शाम भव्य और आकर्षक शाही सवारी निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवी रंग में रंग दिया। नगरपालिका और राजपरिवार के संयुक्त तत्वावधान में रावले से शुरू हुई इस सवारी को देखने के लिए दूर-दराज़ से लोग उमड़ पड़े।

सवारी के दौरान नगर की सड़कों पर आस्था और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर गणगौर का स्वागत किया। वहीं, मंदाकिनी महादेव मंदिर परिसर में की गई मनमोहक विद्युत सज्जा ने माहौल को और भी भव्य बना दिया।



शोभायात्रा रावले से रवाना होकर पंचायत चौक होते हुए मंदाकिनी महादेव मंदिर पहुंची, जहां पारंपरिक विधि से गणगौर को जल अर्पित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने “गौर-गौर गोमती” गीतों पर पारंपरिक नृत्य कर वातावरण को जीवंत बना दिया। बाद में सवारी पुनः रावले लौट आई।

सवारी में चकरी, मसक बैंड, कच्ची घोड़ी नृत्य, सफेद घोड़ों का प्रदर्शन और ऊँटों की आकर्षक झलक ने लोगों का खासा ध्यान खींचा।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, पूर्व चेयरमैन पूजा चंद्रवाल, अंकित तिवारी, हितेन्द्र राजौरा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।