सिलिकोसिस पीड़ित विधवाओं ने रोजगार व पेंशन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

BHILWARA
Spread the love

सिलिकोसिस पीड़ित विधवाओं ने रोजगार व पेंशन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

बिजौलिया । रमेश गुर्जर ।

उपखंड क्षेत्र की सिलिकोसिस पीड़ित विधवा महिलाओं ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं खान विभाग के नाम उपखण्ड अधिकारी अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर पेंशन एवं वैकल्पिक रोजगार की मांग की। ज्ञापन में कांस्या, सलावटिया, झाड़ोली, अरौली, सुखपुरा, बिजौलिया व हेमनीवास सहित विभिन्न गांवों की महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं।

महिलाओं ने बताया कि जिले में करीब 500 खनन पट्टाधारी हैं, जिनके माध्यम से श्रमिकों के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं पर्यावरण संरक्षण के वादे किए गए थे। वर्तमान में पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण एवं रखरखाव कार्य में उन्हें जोड़ा जा सकता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले में 300 से अधिक सिलिकोसिस विधवा महिलाएं हैं, जिनके पास आजीविका का कोई साधन नहीं है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की तर्ज पर प्रतिमाह 3500 रुपए पेंशन देने अथवा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत पर्यावरण संरक्षण कार्यों में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

इस दौरान कमली देवी रैगर ने उपखंड अधिकारी को मशरूम के पैकेट भेंट किए। कमली देवी एवं हेमा देवी ने बताया कि वे मशरूम उत्पादन व जैविक खाद तैयार कर रही हैं, लेकिन संसाधन और स्थान की कमी के कारण इसे बड़े स्तर पर नहीं कर पा रही हैं। उन्होंने सरकार से DMFT फंड के माध्यम से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में उर्मिला देवी यादव, कमली देवी, बदाम देवी, मांगी बाई, गुड़ी देवी, टीकम देवी, दिलीप सिंह यादव, राजू सहित समाजसेवी किशन कुमार खटीक आदि शामिल रहे।