फॉरच्यूनर से 592 ग्राम अफीम बरामद, हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा । पुनीत चपलोत ।
पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक अहम सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में रायला थाना पुलिस ने मंगलवार अलसुबह नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी फॉरच्यूनर कार से 592 ग्राम अफीम बरामद कर हरियाणा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे पर थाने के सामने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध फॉरच्यूनर को रोककर घेराबंदी की गई।
तलाशी लेने पर वाहन से 592 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से विक्की जाट, राहुल जाट और नुकूल जाट निवासी सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। साथ ही फॉरच्यूनर कार को जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अफीम उदयपुर जिले से लाकर हरियाणा ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
