आसींद क्षेत्र के 219 राजकीय विद्यालयों में ‘मेगा पीटीएम’ का आयोजन, परीक्षा परिणाम देख खिले विद्यार्थियों के चेहरे
आसींद । नवीन शैक्षणिक सत्र के विधिवत शुभारम्भ से पूर्व, शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार मंगलवार, 25 मार्च 2026 को आसींद सीबीईओ (CBEO) परिक्षेत्र के 219 राजकीय विद्यालयों में भव्य ‘मेगा पीटीएम’ (अभिभावक-शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहाँ बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। मेगा पीटीएम के मुख्य एजेंडे के तहत आज सभी विद्यालयों में बोर्ड कक्षाओं के अतिरिक्त (कक्षा 1 से 4, 6, 7, 9 और 11) वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड साझा किए और साल भर की उपलब्धियों पर चर्चा की। प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर सम्मानित भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा गया।
सीबीईओ ने किया सघन निरीक्षण
ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (CBEO) अर्जुन लाल बुनकर ने स्वयं क्षेत्र के चार राजकीय विद्यालयों— पालड़ी, कावलाश, ब्रहामणो की सरेरी और भाटी खेड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीबीईओ बुनकर ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिभावकों से संवाद कर उन्हें सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया। अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने आगामी सत्र के लिए नामांकन बढ़ाने और नियमित उपस्थिति पर जोर दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस आयोजन ने न केवल अभिभावकों और शिक्षकों के बीच के संबंधों को मजबूत किया है, बल्कि सरकारी स्कूलों के प्रति जन-समुदाय के विश्वास को भी बढ़ाया है।
