कोली मोहल्ला में जल संकट गहराया, काला व बदबूदार पानी से लोग परेशान
15-20 दिन से अनियमित जलापूर्ति, यूथ कांग्रेस ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
भीलवाड़ा।
शहर के वार्ड नंबर 51 स्थित कोली मोहल्ला देवनारायण मंदिर के पास में पिछले 15-20 दिनों से जल संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति के साथ-साथ नलों से काला और बदबूदार पानी आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सप्लाई हो रहा पानी उपयोग योग्य नहीं है और दूषित जल के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई बार संबंधित विभाग को शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
यूथ कांग्रेस के रवि कुमार कोली ने बताया की यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलदाय विभाग का घेराव किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने भी जल्द से जल्द शुद्ध जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आमजन को इस समस्या से राहत मिल सके।
