*जिले में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, अफवाहों से बचें- जिला कलेक्टर*

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा,29 मार्च। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। इसके बावजूद हाल के दिनों में फैल रही अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव बन रहा है।

जिला रसद अधिकारी श्री अमरेंद्र मिश्र ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की दैनिक खपत लगभग 11 हजार है, जबकि प्रतिदिन करीब 18 हजार सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों को ओटीपी आधारित होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपूर्ति व्यवस्था की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है तथा नियमित जांच भी की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही गैस उपलब्ध हो और उन्हें अतिरिक्त राशि न चुकानी पड़े।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल से गैस बुकिंग का प्रावधान है, अतः उपभोक्ता नियमानुसार ही बुकिंग करें। संयम एवं सहयोग से ही आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।

जिला प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा ऑयल कंपनियां स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं। एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं पीएनजी से संबंधित सभी केंद्रों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा इस दिशा में निरंतर कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।