बिजोलिया । नरेश धाकड़
बिजोलिया क्षेत्र के नयागांव में 4 अप्रैल को पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ की स्मृति में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, जिसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन को लेकर रविवार को आदर्श धाकड़ विद्यापीठ स्कूल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ और पूर्व जिला प्रमुख कन्हैया लाल धाकड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।

प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि यह आयोजन विवेक सुषमा चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम को सर्वसमाज की सहभागिता के साथ आयोजित करने की योजना है, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक सुरेश धाकड़ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान न केवल विवेक धाकड़ की मूर्ति का अनावरण होगा, बल्कि उनके नाम से एक नए अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का शुभारंभ भी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन पूरी तरह से श्रद्धांजलि और सम्मान का कार्यक्रम है, इसका किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विवेक धाकड़ अपने सरल, मिलनसार और जनहितैषी स्वभाव के कारण लोगों के बीच विशेष पहचान रखते थे। समाज सेवा में उनके योगदान को आज भी लोग याद करते हैं और उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
कार्यक्रम में 20 से 25 हजार लोगों के पंहुचने की उम्मीद है। विवेक धाकड़ का प्रभाव केवल माण्डलगढ़ क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश और अन्य राज्यों तक उनकी मजबूत जनसंपर्क की छाप रही है, जो इस आयोजन में भी देखने को मिलेगी ।
विधायक सुरेश धाकड़ ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया के इस दौर में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के विकास में योगदान दें।
इस दौरान तैयारियो को लेकर एक बैठक का भी आयोजन हुआ । जिसमे उपप्रधान कैलाश धाकड़ ,सरपंच संघ के अध्यक्ष मोहन लाल धाकड़, थड़ौदा सरपंच राजेश धाकड़, ऊपरमाल किसान पंचायत के अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़, धाकड़ समाज पंचायत अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, सामुहिक विवाह सम्मलेन कमेटी के अध्यक्ष औकार लाल धाकड़, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मोहन लाल धाकड़, श्री धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पप्पू लाल धाकड़, प्रदेश युवा संघ के महामंत्री दुर्गेश धाकड़ के साथ ही ट्रस्ट तथा धाकड़ समाज के कई पदाधिकारी एवं सेंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
