मांडल में बेखौफ बदमाशों का आतंक : बरामदे में सो रही महिला के कान चीरकर ले गए सोने के झुमके, इलाके में दहशत

BHILWARA
Spread the love


* पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा (मांडल) // जिले के मांडल थाना क्षेत्र के गाडरी खेड़ा गांव में शनिवार रविवार की मध्यरात्रि करीब 3 बजे मानवता को शर्मसार करने वाली लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर सो रही एक बुजुर्ग महिला के कान के झुमके इस कदर बेरहमी से छीने कि महिला के दोनों कान फट गए। लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

गाडरी खेड़ा निवासी भैरूलाल माली ने मांडल थाने में दी रिपोर्ट  में बताया कि रविवार 29 मार्च 2026 की अलसुबह करीब 3 बजे दो अज्ञात बदमाश उनके घर के पीछे बने बाड़े की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उस समय बरामदे में भैरूलाल के पिता नानूराम, माता शांतिदेवी और पुत्र शिवम गहरी नींद में सो रहे थे।

बदमाशों ने सो रही शांतिदेवी को निशाना बनाया और उनके कानों में पहने करीब एक तोला वजनी सोने के झुमके झपट लिए। छीना-झपटी के दौरान बदमाशों ने इतनी ताकत लगाई कि बुजुर्ग महिला के दोनों कान बुरी तरह फट गए और खून का फव्वारा फूट पड़ा। दर्द से कराहती महिला की आवाज सुनकर जब तक परिजन जागे, बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। परिजन आनन-फानन में घायल शांतिदेवी को मांडल अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में भीलवाड़ा रेफर किया गया। भीलवाड़ा के अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला के कानों में टांके लगाकर रक्तस्राव रोका

इस दरिंदगी भरी लूट की घटना के बाद गाडरी खेड़ा और आसपास के गांवों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे घरों में घुसकर बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने और लूटे गए गहने बरामद करने की गुहार लगाई है। मांडल पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।