जिला अस्पताल में दिनदहाड़े मोबाइल चुराते युवक को लोगों ने दबोचा,

BHILWARA
Spread the love

पिटाई के बाद पुलिस के सुपुर्द किया, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल

* पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा । जिले के सबसे बड़े महात्मा गांधी चिकित्सालय में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।  जिला अस्पताल में रविवार को मेल सर्जिकल वार्ड में मोबाइल चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया।
वार्ड में भर्ती मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी करते एक युवक को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।



*शक होने पर लोगो ने पकड़ा*

पीड़ित सत्तू जाट ने बताया कि उसके छोटे भाई गोविंद जाट को अपेंडिक्स की समस्या के चलते अस्पताल के मेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसी दौरान एक युवक वार्ड में घुसकर मौका देखकर मोबाइल चोरी कर रहा था। लोगों को उसकी हरकतों पर शक हुआ तो उसे पकड़ लिया गया।


*वार्ड में मची अफरा तफरी, युवक को जमकर धोया*

घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की वार्ड में ही जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद लोगों ने आरोपी को अस्पताल में तैनात होमगार्ड कर्मियों के हवाले कर दिया। होमगार्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे भीमगंज पुलिस के हवाले कर दिया।

*अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल*

घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।