रॉयल्स ने खेला चैंपियन वाला शॉट, ट्रॉफी पर किया कब्जा
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी
आईपीएस स्कूल के तत्वावधान में स्थानीय खेल मैदान पर बीते चार दिनों तक क्रिकेट का ऐसा “महाकुंभ” सजा, मानो आईपीएल का छोटा संस्करण ही शाहपुरा में उतर आया हो। 25 मार्च से 29 मार्च 2026 तक चली आईपीएस क्रिकेट प्रतियोगिता ने हर दिन नए रोमांच, नए हीरो और शानदार मुकाबलों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट में 10 टीमों के 80 खिलाड़ियों ने अपने खेल का दम दिखाया, जहां हर मैच में बल्लेबाजों के चौके-छक्के और गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी ने माहौल को हाई-वोल्टेज बनाए रखा।

फाइनल मैच में आईपीएस रॉयल्स और आईपीएस सुपर जायंट्स आमने-सामने थे। मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि हर गेंद पर दर्शकों की धड़कनें तेज हो गईं। सुपर जायंट्स ने शानदार चुनौती पेश की, लेकिन अंततः आईपीएस रॉयल्स ने “चैंपियन वाली परफॉर्मेंस” दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया और ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में भी जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। आईपीएस सुपर जायंट्स ने आईपीएस रॉयल चैलेंजर्स को हराकर फाइनल में एंट्री मारी, जबकि आईपीएस रॉयल्स ने आईपीएस किंग्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि कन्हैया लाल पुरोहित और विशिष्ट अतिथि मुकेश मीणा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। स्कूल डायरेक्टर रामपाल बिरला और प्रदीप पारीक ने अतिथियों का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर रामपाल बिरला ने कहा कि “खेल जीवन की असली पाठशाला है, जो शरीर के साथ-साथ टीम भावना भी मजबूत बनाता है।”
इस क्रिकेट महोत्सव को सफल बनाने में स्कूल स्टाफ और खेल प्रेमियों का भी अहम योगदान रहा, जिसमें शिव जी सर, आनंद सिंह राठौर, नितिन कोठारी, महेन्द्र वैष्णव (माही), जित्तू पराशर और अभय सिंह ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। कुल मिलाकर, यह चार दिवसीय टूर्नामेंट शाहपुरा के खेल इतिहास में एक यादगार “क्रिकेट फेस्टिवल” बन गया, जहां हर खिलाड़ी ने मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और दर्शकों को भरपूर रोमांच का डोज मिला।
