संघर्ष से सफलता की कहानी : दानपुरा की वंदना बंजारा ने 90.40% अंक लाकर किया स्कूल टॉप

BHILWARA
Spread the love


बिजोलिया । शुभम जैन

दानपुरा निवासी मेम्बर बंजारा व राधा देवी की सुपुत्री वंदना बंजारा ने अपनी मेहनत, लगन और अटूट हौसले के दम पर 12वीं कला वर्ग में 90.40% अंक प्राप्त कर सीनियर सेकेंडरी स्कूल मकरेड़ी में टॉप कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि से स्कूल, परिवार और पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

वंदना की सफलता सिर्फ अंक नहीं, बल्कि संघर्ष की एक प्रेरणादायक कहानी है। साधारण आर्थिक स्थिति में पली-बढ़ी वंदना ने कभी भी अपने सपनों को कमजोर नहीं होने दिया। रोजाना करीब 5 किलोमीटर दूर मकरेड़ी स्थित स्कूल तक आना-जाना और फिर घंटों पढ़ाई करना, उसकी दिनचर्या का हिस्सा रहा।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद वंदना ने अपने जुनून और निरंतर प्रयास से यह मुकाम हासिल किया। उसकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो, तो कोई भी मुश्किल रास्ता रोक नहीं सकता।

वंदना का सपना यूपीएससी परीक्षा पास कर प्रशासनिक अधिकारी बनने का है, ताकि वह अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सके।

ग्रामीणों और शिक्षकों ने वंदना की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।