पूर्व विधायक विवेक धाकड़ की सेवा का मिशन रहेगा जारी, बिजौलिया में आदमकद मूर्ति का अनावरण

BHILWARA
Spread the love


ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर बोले- विवेक ने कम उम्र में जो अनुकरणीय कार्य किए वे सदैव याद रहेंगे; अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का भी हुआ लोकार्पण


बिजौलिया( नरेश धाकड़ / रमेश गुर्जर )
मांडलगढ़ के पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ के सपनों को साकार करने और उनके द्वारा शुरू किए गए जनसेवा के कार्यों को अनवरत जारी रखना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह उद्बोधन राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को बिजौलिया में दिया। वे विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में आयोजित मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।


इस अवसर पर नागर ने विद्यालय के नवनिर्मित विवेक धाकड़ आदर्श अंग्रेजी माध्यम भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने खुद को किसान का बेटा बताते हुए कहा कि वे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर ने की।
18000 यूनिट रक्तदान का रिकॉर्ड, सेवा में भेदभाव नहीं
ट्रस्ट की चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ ने भावुक होते हुए कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य विवेक धाकड़ के शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि साल 2012 से अब तक 18,000 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। प्रतिवर्ष 13 मई को उनकी माताजी की पुण्यतिथि पर लगने वाले शिविर में 2500 से 3000 यूनिट रक्त संग्रहित होता है, जिसका उपयोग बिना किसी जाति-धर्म के भेदभाव के जरूरतमंदों, विशेषकर प्रसव के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति की महिलाओं के लिए किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार और निशुल्क चिकित्सा
समारोह में वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय धाकड़ ने 28 वर्ष पूर्व सामूहिक विवाह सम्मेलन की जो शुरुआत की थी, उससे फिजूलखर्ची रुकी और समाज का आर्थिक स्तर सुधरा। ट्रस्ट द्वारा अब तक दो बड़े निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए जा चुके हैं। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि विवेक ने करियर से ऊपर उठकर मानवता की सेवा की। वहीं बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने समाज विशेष के कर्मचारियों के दूरस्थ जिलों में किए जा रहे तबादलों पर आपत्ति जताते हुए मंत्री नागर से इस समस्या के निराकरण की मांग की।
हजारों की मौजूदगी में जुटे दिग्गज
इस गरिमामय कार्यक्रम में कोटा के पूर्व सांसद रामनारायण मीणा, सहाड़ा की पूर्व विधायक गायत्री देवी, आसिंद के पूर्व विधायक रामलाल गुर्जर, हगामी लाल मेवाड़ा, मांडलगढ़ के पूर्व विधायक बद्री प्रसाद गुरुजी , धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ अर्जुन धाकड़,कोटा  यु आई टी के चेयरमैन राम कुमार महत्ता, भीलवाड़ा यू आई  टी के पूर्व चेयरमैन लक्ष्मी नारायण  डाड,तथा अक्षय त्रिपाठी, पूर्व जिला प्रमुख शक्ति सिंह हाड़ा,श्री  धाकड़ महासभा युवा संघ राजस्थान प्रदेश के अध्यक्ष रमन धाकड़, उत्तर प्रदेश धाकड़ युवा संघ के अध्यक्ष प्रकाश धाकड़ सहित धाकड़ सहित समाज और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई दिग्गज मौजूद रहे। अंत में ट्रस्ट के संस्थापक इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ ने हजारों की संख्या में आए लोगों का आभार व्यक्त किया।
विवेक धाकड़ की मूर्ति का अनावरण: ऊर्जा मंत्री बोले— ‘उनके सपनों को साकार करना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
बिजौलिया में उमड़ा जनसैलाब: आदर्श धाकड़ विद्यापीठ में अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का लोकार्पण, चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ ने कहा— ‘ट्रस्ट जारी रखेगा जनसेवा का मिशन’