भीलवाड़ा में जिला न्यायालय का भूमि पूजन व अभिभाषक संस्था का शपथ ग्रहण 5 को

BHILWARA
Spread the love


मुख्य न्यायाधीपति व उपमुख्यमंत्री सहित न्यायाधीपति रहेगें मौजूद
भीलवाड़ा मूलचन्द पेसवानी
जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं जिला न्यायालय के लिए आवंटित 62 बीघा भूमि का भूमि पूजन कार्यक्रम रविवार, 5 अप्रैल को सुबह 10ः15 बजे सांगानेर-तस्वारिया स्थित नव आवंटित भूमि पर आयोजित होगा।
कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति संजीव कुमार शर्मा, राज्य की उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी, न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति विनीत माथुर, न्यायाधिपति फरजन्द अली, न्यायाधिपति प्रवीर भटनागर तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन सहित जिले की न्यायपालिका एवं प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड ने बताया कि समारोह की शुरुआत नव आवंटित भूमि के विधिवत भूमि पूजन समारोह से होगी। इसके पश्चात अभिभाषक संस्था की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई जाएगी।
वर्ष 2026 के लिए अभिभाषक संस्था अध्यक्ष पद पर उम्मेद सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, राजस्व महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सचिव आदित्य सिंह चौहान एवं पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली को दायित्व सौंपा जाएगा। इसके अलावा पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास, ओमप्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़ एवं आनंद शर्मा को मनोनीत सदस्य बनाया गया है।
गौरतलब है कि भीलवाड़ा में वर्तमान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन वर्ष 1948 से संचालित हो रहा है। समय के साथ न्यायालयों की संख्या बढ़ने के कारण परिसर में स्थान की कमी बनी हुई है। वर्तमान में 20 न्यायालय इसी परिसर में संचालित हैं, जबकि लगभग 11 न्यायालय बाहर संचालित किए जा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व कार्यकारिणी के प्रयासों से 62 बीघा भूमि आवंटित की गई थी। नई कार्यकारिणी द्वारा इस भूमि पर विकास कार्य प्रारंभ करने के उद्देश्य से भूमि पूजन किया जा रहा है, जिससे भविष्य में एक सुव्यवस्थित एवं विस्तारित न्यायालय परिसर का निर्माण संभव हो सकेगा।
अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। समारोह में अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी एवं न्यायालय कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।