फीस व बस किराया वृद्धि को लेकर AVS स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

BHILWARA BIJOLIYA
Spread the love

अभिभावकों ने SDM को सौंपा ज्ञापन, नियमों के अनुरूप जांच की मांग

बिजोलिया। नरेश धाकड़ । क्षेत्र के आचार्य विद्या सागर (AVS) पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए फीस एवं बस किराए में हुई वृद्धि को लेकर अभिभावकों के बीच असंतोष देखने को मिल रहा है। इस संबंध में अभिभावकों व स्थानीय नागरिकों ने उपखंड मजिस्ट्रेट अजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय द्वारा परिवहन शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उनका कहना है कि पूर्व में निर्धारित बस किराया जहां अपेक्षाकृत कम था, वहीं नए सत्र में इसे काफी बढ़ा दिया गया है, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

इसके साथ ही फीस संरचना में भी वृद्धि को लेकर सवाल उठाए गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की बढ़ोतरी राजस्थान विद्यालय फीस विनियमन अधिनियम 2016 के प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए।

ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि अध्ययन सामग्री और यूनिफॉर्म के संबंध में अभिभावकों को सीमित विकल्प मिलते हैं, जिससे खर्च बढ़ जाता है।

अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि फीस व बस किराया निर्धारण प्रक्रिया की जांच कराई जाए तथा आवश्यक होने पर उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।

इस मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई का अभिभावकों को इंतजार है।