चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक जिंदा जलने से बचा… केसरपुरा में मचा हड़कंप

BHILWARA
Spread the love



शक्करगढ़

थाना क्षेत्र के केसरपुरा के पास रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक चलती बाइक अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। इस भयावह हादसे में बरडा निवासी शिवराज धाकड़ बुरी तरह झुलस गए और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवराज धाकड़ नाना बाबा का झोपड़ा से केसरपुरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक बंद हो गई। जब उन्होंने बाइक को दोबारा स्टार्ट करने के लिए पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोला, तभी जोरदार लपटें उठीं और कुछ ही सेकंड में पूरी बाइक आग की चपेट में आ गई। अचानक भड़की आग ने शिवराज को संभलने का मौका तक नहीं दिया और वे आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए आग बुझाने और घायल को बचाने का प्रयास किया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक शिवराज गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
गंभीर हालत में उन्हें तत्काल भीलवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अमरगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक में तकनीकी खराबी के चलते पेट्रोल लीक होकर आग लगने की आशंका जताई जा रही है।