म्यूल खातों के जरिए साइबर ठगी का जाल उजागर, बिजौलिया पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

BHILWARA
Spread the love



बिजौलिया। साइबर अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए थाना पुलिस ने “म्यूल हंट अभियान” के तहत एक संगठित ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है। बैंक खातों को किराए पर लेकर देशभर में साइबर ठगी को अंजाम देने वाले गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में और भी कई लोगों के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि पुलिस को कुछ बैंक खातों के जरिए संदिग्ध लेन-देन की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में ही इन खातों का लिंक अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़ा पाया गया। विस्तृत पड़ताल में सामने आया कि इन खातों के माध्यम से कुल 2 लाख 42 हजार 93 रुपए की ठगी की गई है। इन खातों के खिलाफ देश के कई राज्यों दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और केरल में कुल 8 शिकायतें साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं।

पुलिस ने यूको बैंक की बिजौलिया शाखा में संचालित तीन खातों को चिन्हित कर उनकी केवाईसी और ट्रांजेक्शन हिस्ट्री खंगाली। जांच के दौरान बार-बार अलग-अलग स्थानों से रकम ट्रांसफर होने और तुरंत निकासी जैसे संदिग्ध पैटर्न सामने आए। साइबर पोर्टल के डाटा और तकनीकी विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम को घुमाने और निकालने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फकीर मोहल्ला निवासी आमीन पुत्र जब्बार और अशफाक हुसैन पुत्र कालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उन्होंने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड लालच में आकर अपने परिचित शाबीर पुत्र मोहम्मद रफीक को महज दो-दो हजार रुपए में दे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मुख्य कड़ी माने जा रहे शाबीर को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि इस प्रकार के म्यूल खातों का उपयोग साइबर ठग गिरोह द्वारा अलग-अलग राज्यों में लोगों को ठगने के बाद रकम को सुरक्षित निकालने के लिए किया जाता है, जिससे असली आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।