कोटड़ी (दिनेश पारीक) — गहूंली ग्राम पंचायत के थालेड़ा गांव में सरकारी चारागाह और बिलानाम भूमि पर कच्चे-पक्के अतिक्रमण हो जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार को ग्रामीणों ने कोटड़ी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सिंहजी का खेड़ा गांव के कुछ लोगों ने अवैध निर्माण, बाड़बंदी और खेत तैयार कर कब्जा कर लिया है। 17 जुलाई को शिकायत और 11 अगस्त को राजस्व टीम के मौके पर पहुंचने के बावजूद कार्रवाई केवल औपचारिक रही, यहां तक कि नपती भी नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमी अब स्थायी पक्का निर्माण कर रहे हैं और प्रशासन उन्हें रोक नहीं रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
