कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल के साथ साहित्यिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
बिजौलियां। ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौदह वर्षीय छात्र वर्ग की 69वीं वृत्त स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 अगस्त तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जावदा में किया जाएगा।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मालीराम यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक स्तर के वे विद्यार्थी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2012 या उसके बाद हुआ है। इसमें कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी इसमें हिस्सा लेंगे।
अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कन्हैयालाल शर्मा ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए ब्लॉक के लगभग डेढ़ दर्जन शारीरिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर कार्यालय से भी कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए शारीरिक शिक्षक शोहराब हुसैन को मुख्य निर्णायक व तकनीकी सलाहकार बनाया गया है।
